द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गेरुआ दोपट्टा ओढ़कर पुलिस कमिश्नर के यहां पहुंची मुस्लिम महिला ने शहर काजी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह गेरुआ दुपट्टा लेकर शिकायत करने सीएम दरबार गई थी। जब वहां से अपने शहर कानपुर पहुंची तो उसे कहा गया कि अब तुम हिंदू हो गई है। तुम्हें अब शरीयत के अनुसार कोई सहायता नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं, आरोप है कि शहर काजी अब्दुल कुद्दुस हाजी महिला पर भड़क गए। उन्होंने महिला को डंडा उठाकर भगा दिया। अपशब्द कहे।

भाइयों ने संपत्ति को हड़प लिया
महिला का आरोप है कि उसके भाइयों ने उसकी संपत्ति हड़प ली। इस मामले को लेकर वह शहर काजी के पास गई थी मगर वहां से न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनता दरबार में जाकर गुहार लगाई। पुलिस कमिश्नर के यहां महिला ने कहा कि सीएम के यहां पहुंचने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो शहर काजी ने उसके साथ बुरा बर्ताव किया। पीड़ित महिला का आरोप है कि शहर काजी ने उसके साथ गाली-गलौज की। डंडा दिखाकर मारने की कोशिश की। भाइयों द्वारा दी जा रही सहायता को भी रुकवा दिया। इससे वह अब दर-दर भटकने को मजबूर हो गई है। नकाब पर भगवा दुपट्टा ओढ़ कर पुलिस आयुक्त के यहां न्याय की गुहार लगाने पहुंची महिला ने शहर काजी के विरुद्ध प्रार्थना पत्र देकर शिकायत कर दी है। इस संबंध में शहर काजी से बातचीत नहीं हो सकी।
कानपुर में गेरुआ हिजाब पहने महिला बोली-सीएम से मिलने पर शहर काजी ने फटकारा। कहा- तुम हिंदू हो गई हो जाओ वही तुम्हारा खर्चा उठाएंगे। पीड़िता ने कानपुर के पुलिस कमिश्नर से शहर काजी हाफिज अब्दुल कुद्दूस की शिकायत कर लगाई गुहार। @CMOfficeUP @dgpup @kanpurnagarpol pic.twitter.com/bibpdISk9q
— kanpur hindustan (@KanpurHindustan) December 23, 2023

मामले को लेकर क्या बोले पुलिस अधिकारी?
अब इस मामले में महिला ने पुलिस कमिश्नर के स्टाफ ऑफिसर से मिलकर शिकायत की। स्टाफ ऑफिसर अशोक कुमार सिंह का कहना है कि महिला ने शिकायत दी है। इसके लिए महिला एडीसीपी अनीता सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला का अपने भाइयों से पहले से विवाद चल रहा है। वह कई बार इसको लेकर शिकायत कर चुकी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई भी की है। वहीं इस मामले में शहरकाजी का कहना है कि महिला गलत आरोप लगा रही है। इस तरह की बात मैं सोच भी कैसे सकता हूं, जो मुख्यमंत्री के यहां जाने पर उसी पर आरोप लगाऊं।